जबलपुर का सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल 295 से बढ़कर 410 बेड का होगा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
विस्तार के साथ नए विभाग, डीएम-एमसीएच सीटें, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ बढ़ेगा। इससे इलाज की गुणवत्ता के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा भी मजबूत होगी।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 10:42:04 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 10:42:04 AM (IST)
बेड क्षमता को बढ़ाकर 410 करने के प्रस्ताव की कार्य योजना पर अंतिम मुहर लग गई।HighLights
- सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल से महाकोशल के 10 जिलों को लाभ
- 85 फीसदी मरीज आयुष्मान भारत योजना का लाभ ले रहे हैं
- छह साल में मरीजों की संख्या में करीब 20 गुना तक इजाफा
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल काॅलेज के सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालत यह है कि 295 बेड की क्षमता वाला अस्पताल अब मरीजों के दबाव को झेल नहीं पा रहा है।
औसतन हर समय 300 से ज्यादा मरीज भर्ती रहते हैं। इसी दबाव को देखते हुए अस्पताल की बेड क्षमता को बढ़ाकर 410 करने के प्रस्ताव की कार्य योजना पर अंतिम मुहर लग गई है। शासन स्तर पर विस्तार योजना पर अमल को लेकर प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार विस्तार योजना का लक्ष्य भविष्य में लिवर और हृदय प्रत्यारोपण जैसी अति विशिष्ट उपचार सुविधाएं शुरू करने में मदद करना है। इसके लिए अतिरिक्त स्पेस और संसाधन बढ़ाए जाएंगे। साथ ही नए विभागों के सृजन और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के विस्तार की भी तैयारी है।
छह साल में 20 गुना बढ़े मरीज
- आधिकारिक आंकड़े चौंकाने वाले हैं। वर्ष 2019 में जब इस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की शुरुआत हुई थी।
- तब यहां सालाना ओपीडी महज 9,415 थींं।
- जो वर्ष 2025 तक बढ़कर 1,26,532 तक पहुंच गई है।
- इसी तरह भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या 1,032 से बढ़कर 20,422 हो गई है।
- ऑपरेशन की संख्या 345 से बढ़कर 4,561 हो गई है।
- यानी छह साल में मरीजों की संख्या में करीब 20 गुना तक इजाफा हुआ है।
85 फीसदी मरीजों को आयुष्मान का लाभ
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सफल सर्जरी और बेहतर उपचार के कारण अस्पताल में मरीजों का भरोसा बढ़ा है। उपचार कराने वाले लगभग 85 फीसदी मरीज आयुष्मान भारत योजना का लाभ ले रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
क्या फायदा होगा मरीज को
- बेड के लिए इंतजार खत्म होगा: अभी 295 बेड फुल रहते हैं। क्षमता दोगुनी होने पर हर मरीज को बेड मिलेगा।
- ओपीडी और भर्ती का दबाव घटेगा: सालाना 1.26 लाख से ज्यादा ओपीडी और 20 हजार से ज्यादा भर्ती मरीजों का दबाव नए वार्डों में बंट जाएगा। इससे डाॅक्टरों पर बोझ कम होगा और मरीज को ज्यादा समय मिल सकेगा।
- ऑपरेशन की वेटिंग घटेगी: अभी साल में 4,561 ऑपरेशन हो रहे हैं। नए ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू बेड बढ़ने से हार्ट, ब्रेन, किडनी, रीढ़ और ट्रांसप्लांट जैसे जटिल आपरेशनों की वेटिंग लिस्ट छोटी होगी। मरीज को महीनों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
- ट्रांसप्लांट सुविधा जबलपुर में ही: विस्तार के बाद किडनी ट्रांसप्लांट के साथ लिवर और हृदय प्रत्यारोपण की सुविधा विकसित होगी। अभी इनके लिए मरीजों को भोपाल, इंदौर, दिल्ली या मुंबई जाना पड़ता है। इससे लाखों रुपये और समय की बचत होगी।
- आयुष्मान मरीजों को ज्यादा लाभ: 85 फीसदी मरीज आयुष्मान से इलाज करा रहे हैं। बेड बढ़ने से इस योजना के तहत ज्यादा मरीजों को समय पर भर्ती, जांच और सर्जरी मिल सकेगी।
- महाकोशल के 10 जिलों को लाभ: सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल में जबलपुर के अलावा कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, दमोह और पन्ना तक के मरीज आते हैं। क्षमता बढ़ने से इन जिलों के गंभीर मरीजों को भी रेफर होने पर तुरंत बेड मिलेगा।
- नए विभाग और डाक्टर बढ़ेंगे: विस्तार के साथ नए विभाग, डीएम-एमसीएच सीटें, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ बढ़ेगा। इससे इलाज की गुणवत्ता के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा भी मजबूत होगी।
मेडिकल काॅलेज और सुपर स्पेशलिटी का संयुक्त बजट
एनएससीबी मेडिकल काॅलेज डीन डाॅ. नवनीत सक्सेना के अनुसार प्रदेश के सबसे पुराने मेडिकल काॅलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को सर्वसुविधायुक्त बनाने का प्रयास है। मेडिकल काॅलेज के लिए करीब 1300 करोड़ रुपये बजट प्रस्ताव है। इसी में सुपर स्पेशलिटी का भी उन्नयन होगा।
यह भी पढ़ें- शाम से रात साढ़े 10 बजे तक खुला रहेगा स्पीड पोस्ट सेंटर, जबलपुर में रविवार और अवकाश के दिन भी मिलेगी सुविधा