
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में 49 वर्षीय जगदीश प्रसाद गौड़ की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पड़ोसी महिलाओं के बीच हुए विवाद के बाद जगदीश और अग्नेयू विश्वकर्मा के बीच रंजिश हो गई थी। इसी के चलते अग्नेयू ने अपने दोस्त परीवा बैगा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर की रात करीब एक बजे अग्नेयू विश्वकर्मा और परीवा बैगा कुल्हाड़ी लेकर जगदीश के घर पहुंचे। दोनों घर में घुसे और जगदीश के सीने पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। इससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
जगदीश और अग्नेयू पड़ोसी थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की पत्नियों के बीच पहले भी विवाद होते थे। करीब एक सप्ताह पहले घर के बाहर झाड़ू लगाने को लेकर दोनों महिलाओं में विवाद हुआ था। गाली-गलौज के दौरान अग्नेयू की पत्नी ने जगदीश की पत्नी को थप्पड़ मारकर धक्का दे दिया था।
उस समय जगदीश भी वहां मौजूद था। उसने अग्नेयू की पत्नी को गाली दी। बाद में अग्नेयू के काम से घर लौटने पर पत्नी ने उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद जगदीश और अग्नेयू के बीच भी विवाद हुआ। ग्रामीणों ने दोनों को शांत कराया, लेकिन इसके बाद अग्नेयू जगदीश से नाराज था।
पुलिस के अनुसार घटना से करीब 15 दिन पहले जगदीश की पत्नी मजदूरी के लिए जबलपुर चली गई थी। इसके बाद जगदीश घर में अकेला रह रहा था। इसी दौरान अग्नेयू ने अपने दोस्त परीवा बैगा के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। 30 सितंबर की रात अग्नेयू ने परीवा को अपने घर बुलाया। दोनों ने शराब पी और खाना खाया। इसके बाद कुल्हाड़ी लेकर रात करीब एक बजे जगदीश के घर पहुंचे और उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए कुंडम भेजा और आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान जगदीश के घर के सामने रहने वाली द्रोपदी बाई से पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। द्रोपदी बाई ने बताया कि 30 सितंबर की रात उसने अग्नेयू और परीवा को जगदीश के घर से बाहर निकलते देखा था। दोनों के हाथ में खून लगी कुल्हाड़ी थी। डर के कारण उसने तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद दोनों गांव से फरार होकर आसपास के जंगल में छिप रहे थे। कल्याणपुर गांव जंगल के नजदीक होने के कारण पुलिस के पहुंचने पर दोनों घने जंगल में भाग जाते थे। रविवार को बघराजी चौकी और कुंडम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अग्नेयू ने पुलिस को बताया कि जगदीश अक्सर उसे रास्ते में गाली देता था। समझाने के बाद भी वह नहीं मानता था। इसी रंजिश के चलते उसने परीवा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के सिहोरा में मूक-बधिर महिला की हत्या के सीसीटीवी फुटेज मिले, अब पुलिस के रडार पर बाइक सवार