
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहपुरा में नो एंट्री ड्यूटी के दौरान रविवार रात थाना प्रभारी और हेड कांस्टेबल के बीच विवाद हो गया। मारपीट के दौरान दांत तोड़े और वर्दी को फाड़ दिया।
मामला बढ़ने पर अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद हेड कांस्टेबल लखन निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच एसडीओपी पाटन को सौंपी गई है।
शहपुरा में शाम पांच बजे से रात एक बजे तक नो एंट्री लागू थी। अमन ढाबा के पास ट्रकों को रोकने के लिए हेड कांस्टेबल लखन निषाद की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान पूजन सामग्री लेकर पहुंचे एक ट्रक ड्राइवर ने नो एंट्री के बावजूद आगे जाने की अनुमति मांगी।
बार-बार आग्रह करने पर जवान ने उसे थाना प्रभारी प्रवीण का मोबाइल नंबर दे दिया। चालक ने टीआई को फोन कर सामान पहुंचाने की अनुमति मांगी। टीआई ने नंबर मिलने के बारे में पूछा, जिसके बाद हेड कांस्टेबल से उनकी कहासुनी हो गई।
बाद में मौके पर पहुंचे टीआई और हेड कांस्टेबल के बीच विवाद बढ़ गया। टीआई ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाया है। वहीं, हेड कांस्टेबल ने मारपीट का आरोप लगाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने बताया कि हेड कांस्टेबल को निलंबित कर जांच एसडीओपी पाटन को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।