
नईदुनिया डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में एक घर से करीब एक किलो वजनी सोने का बिस्किट चोरी होने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने जांच के बाद घर में काम करने वाली महिला कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का बिस्किट भी बरामद कर लिया गया है।
अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि इसकी वास्तविक शुद्धता और कैरेट का पता लगाने के लिए इसे टंच कराई जा रही है, जिसके बाद ही इसकी सटीक बाजार कीमत तय हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मकान मालिक ने मदन महल थाने पहुंचकर घर से सोने का बिस्किट गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि घर में करीब एक किलो वजन का सोने का बिस्किट रखा हुआ था। कुछ समय बाद जब उसकी तलाश की गई तो वह निर्धारित स्थान पर नहीं मिला। परिवार के सदस्यों ने घर में काफी खोजबीन की, लेकिन सोने का पता नहीं चला।
फरियादी ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत में घर में काम करने वाले कर्मचारियों पर संदेह जताया गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के अनुसार, आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
संदेह के आधार पर घर में काम करने वाली महिला कर्मचारी से पूछताछ की। जांच के दौरान महिला की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने महिला के कब्जे से चोरी किया गया करीब एक किलो वजनी सोने का बिस्किट बरामद कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूली वैन में कांच तोड़कर घुसे तेज रफ्तार मालवाहक पर लदे पाइप, दो बच्चे घायल