
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दमोह नाका के पास तेज रफ्तार एक मालवाहक वाहन में रखे लोहे के पाइप स्कूल वैन का पिछला कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसे।
अचानक हुए इस हादसे से वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दो छात्र-छात्राएं कांच के टुकड़े लगने से घायल हो गए। इनमें एक बच्ची की गर्दन में कांच लगने से खून निकलने लगा।
गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मामले में कोतवाली पुलिस ने मालवाहक ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दमोह नाका निवासी सुनील शर्मा स्कूल वैन चलाता है।
तैय्यब अली स्थित क्राइस्ट चर्च गर्ल्स स्कूल के अवकाश के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रहे थे। वैन पंजाब बैंक कालोनी के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे मालवाहक (एमपी 20 जेडवाय 3422) के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
मालवाहक के ऊपर लोहे के पाइप लोड थे। ब्रेक लगाते ही मालवाहक में बंधे लोहे के पाइप खिसककर वैन के पिछले कांच को तोड़ते हुए भीतर घुस गए।
हादसे के बाद वैन में सवार बच्चे घबराकर नीचे झुक गए। आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला। पाइप सड़क पर गिरने और भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए जाम के हालात बन गए। एक घायल बच्ची के पिता ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- दहेज प्रताड़ना और विवाहिता के मौत मामले में पति-ससुर की सजा बरकरार, केस छतरपुर से जुड़ा