
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आयुष्मान योजना के तहत इलाज में कथित अनियमितता और पैसे मांगने के मामले में मेडिकल कालेज में सहायक प्रोफेसर व अस्थि रोग विशेषज्ञ डाॅ. अंकुर बंसल के खिलाफ जांच कमेटी गठित कर दी गई है और स्वास्थ्य विभाग तथा मेडिकल कालेज जांच टीम द्वारा गहन जांच शुरू कर दी गई है।
दो कमेटी अपने अपने स्तर पर जांच कर रही है। डाॅ. आशुतोष सिलोदिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम मेडिकल में इस बात पर खास फोकस कर रही है कि शहपुरा निवासी बेलो बाई को क्या उपचार के लिए मेडिकल कालेज परिसर लाया गया है कि नहीं।
पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण कड़ी होंगे। टीम अपनी रिपोर्ट डीन को सौंपगी। डाॅ. आशुतोष सिलोदिया की टीम की जांच परिसर तक सीमित है। वे मरीज के स्वजन से भी संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि वस्तुस्थिति सामने लाई जा सके। यह टीम डाॅ. बंसल के पुराने रिकार्ड को भी ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। इस बीच टीम सभी स्तर पर जांच को गुपचुप अंजाम देने में जुटी हुई है।
मेडिकल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के लिए अलग अलग कमेटी का गठन कर दिया है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित निजी अस्पताल (आशीष अस्पताल) पहुंचकर दस्तावेजों और आयुष्मान योजना के उपयोग की जांच शुरू कर दी है।
जांच का मुख्य बिंदु यह है कि सरकारी अस्पतालों में पदस्थ डाॅक्टर निजी अस्पतालों में जाकर सेवाएं कैसे दे रहे थे।
स्वजनों और शिकायतकर्ताओं द्वारा स्वास्थ्य विभाग को ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी गई है, जिसके आधार पर तथ्यों को परखा जा रहा है।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग की दो सदस्यीय टीम आयुष्मान योजना में निश्शुल्क उपचार होने के बाद भी पैसे लिए जाने के मामले में साक्ष्य जुटाने विभिन्न स्तर पर जांच कर रही है।
सीएमएचओ डाॅ. नवीन कोठारी ने नईदुनिया को बताया कि हमने आशीष अस्पताल प्रशासन ने बेलो बाई मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। हो सकता इस केस में रुपये का लेनदेन न हो तो दूसरे के केस में पैसा लिया गया हो। अस्पताल के आयुष्मान योजना का पोर्टल खंगालने में टीम जुटी हुई है। साथ ही यहां आने वाले अन्य सरकारी डाॅक्टरों को भी ट्रेस किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम में शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. केके वर्मा व अरूण शाह शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के कुंडम में सोते समय कुल्हाड़ी से सीने पर किए तीन वार, रंजिश बन गई मौत का कारण