
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। पानी की टंकी के नीचे टपरिया बनाकर रह रहे 50 वर्षीय जगदीश सिंह मरावी की सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई।
आरोपियों ने सीने पर एक के बाद एक तीन वार किए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गुरुवार सुबह उसका रक्तरंजित शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बुधवार शाम अग्नू और परीवा जगदीश की टपरिया में पहुंचे। दोनों वहां कुछ देर तक रुके और उससे बातचीत की। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। उनके जाने के बद जगदीश टपरिया में सो गया।
पुलिस को आशंका है कि जगदीश के गहरी नींद में जाने के बाद दोनों आरोपी दोबारा उसकी टपरिया में पहुंचे। दबे पांव अंदर घुसकर उन्होंने कुल्हाड़ी से उसके सीने पर लगातार तीन वार किए। गंभीर चोट लगने से जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही कुंडम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
संदेह के आधार पर पुलिस अग्नू और परीवा से पूछताछ के लिए पहुंची तो दोनों गायब मिले। पुलिस की टीमें दोनों संदिग्ध को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दुकान के नामांतरण के लिए पांच हजार रुपये मांगे, दो हजार लेते पटवारी गिरफ्तार