
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कालेज बैग में छिपाकर गांजा की तस्करी करने वाले एक किशोर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से कुल 14 किलो 572 ग्राम गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की दो मोपेड जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपितों में एक 17 वर्षीय नाबालिग, सतना जिला के नागौद के पोस्ट पतवारा ग्राम पुरताल निवासी दिशांत सिंह परिहार (21), सिवनी जिले के केवलारी के ग्राम चौरापाठा निवासी अंशुल राय (21), एवं केवलारी के ग्राम मोहगवा निवासी नवीन झारिया (21) शामिल है।
आधारताल पुलिस टीम गुरुवार को एक अन्य मामले की जांच के दौरान करौंदा बायपास स्थित दाऊ मैरिज गार्डन के आगे कटनी-जबलपुर मार्ग पर पहुंची। यहां बिना नंबर की दो मोपेड खड़ी थीं, जिन पर चार युवक बैठे थे।
पुलिस को देखकर सभी भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। दोनों मोपेड पर रखे कालेज बैग और प्लास्टिक की बोरी की तलाशी लेने पर उनमें गांजा भरा मिला। एक कालेज बैग से पांच किलो 260 ग्राम, प्लास्टिक की बोरी से छह किलो 112 ग्राम और दूसरे कालेज बैग से तीन किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर 14 किलो 572 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।
पूछताछ में नाबालिग और दिशांत ने बताया कि वे सतना जिले के अमदरा निवासी पवन बागरी से गांजा लेकर जबलपुर आए थे और इसकी खेप अंशुल व नवीन को सौंपनी थी। वहीं अंशुल और नवीन ने स्वीकार किया कि वे गांजा सिवनी ले जाकर बेचते थे। पुलिस अब फरार सप्लायर पवन बागरी की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से जबलपुर पहुंची फ्लाइट में यात्रियों के बीच मारपीट, एयरपोर्ट लाउंज में मचा हंगामा, FIR दर्ज