
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दो आरोपितों को 251 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस गश्त और पकड़े जाने के भय से आरोपित शराब सहित अपना ठिकाना बदलने की फिराक में थे।
तभी पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि पर कार की तलाश ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब रखी मिली। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो एंड्रायड मोबाइल और शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की कार भी जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बसा में प्रियांश अग्निहोत्री के घर के सामने सड़क पर कार में भारी मात्रा में शराब रखी है। सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। मौके पर ग्राम बसा निवासी प्रियांश अग्निहोत्री (28) और रांझी के मड़ई निवासी आशुतोष उर्फ चुंगा यादव (22) कार के पास मिले। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने करीब 10 दिन पहले गौरीघाट निवासी अर्जुन केवट से बिक्री के लिए 25 पेटी अंग्रेजी शराब मंगाना बताया। आरोपित आशुतोष उर्फ चुंगा वाहन चालक है। उसने ने अर्जुन केवट की बिना नंबर की कार से प्रियांश घर शराब पहुंचाना बताया। शराब को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए चुंगा को बुलाया गया था, जिस पर वह बिना नंबर की कार लेकर प्रियांशु के घर गया था।
तलाशी में कार से 19 कार्टून और एक बड़ा काला थैला मिला, जिसमें विभिन्न ब्रांड की 251 बोतल शराब थी। कार में नंबर प्लेट नहीं था, लेकिन जब तलाशी ली गई तो कार के अंदर एक नंबर प्लेट रखी मिली। इस नंबर प्लेट पर अंग्रेजी में एमपी हाईकोर्ट एवं रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 20 जेडएच 1055 अंकित है। आशंका है शातिर आरोपित शराब की तस्करी में पुलिस से बचने के लिए नंबर प्लेट हटा लिए थे।
यह भी पढ़ें- पं. धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम के अधिवक्ता बोले - राजनीतिक दबाव और रंजिश के चलते फंसाया