
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सरकारी स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाओं का दौर शुरू हो गया है। कक्षा 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जबकि कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा 21 नवंबर से आयोजित की जाएगी।
प्रश्नपत्रों सहित अन्य गोपनीय सामग्री संबंधित स्कूलों के नजदीकी थानों में सुरक्षित जमा करा दी गई है। परीक्षा समाप्त होने के साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने मूल्यांकन को लेकर सभी प्राचार्यों और प्रभारी प्राचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच प्रतिदिन परीक्षा के बाद सांदीपनि विद्यालयों में कराई जाएगी।
विभाग ने मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने के लिए समयसीमा भी निर्धारित की है। सभी स्कूलों को 5 दिसंबर तक परीक्षा परिणाम विमर्श पोर्टल के सांदीपनि डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।
हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षाओं के बाद कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं को प्रतिभा पर्व नाम दिया गया है। इसका आयोजन 1 से 8 दिसंबर के बीच किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सरकारी जवाब में एआई से गढ़ा न्यायिक फैसला, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला देने पर हाई कोर्ट नाराज