
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जबलपुर पहुंचते ही रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने प्लेटफार्म क्रमांक छह पर ट्रेन से ड्यूटी पूरी कर उतरे तीन टीटीई को रोककर उनकी तलाशी ली।
जांच में दो टीटीई के पास निर्धारित राशि से अधिक नकदी मिलने पर दोनों को तत्काल निलंबित कर दिया गया। तीसरे टीटीई की भूमिका की जांच जारी है। ट्रेन क्रमांक 22182 के जबलपुर पहुंचने से पहले ही विजिलेंस टीम मुख्य स्टेशन पर तैनात थी।
ट्रेन के पहुंचते ही टीम ने ड्यूटी से उतरे टीटीई गुंजन कुमार, लक्ष्मी नारायण और महेंद्र मीणा को रोक लिया। तलाशी लेने पर गुंजन कुमार के पास 58 सौ रुपये और लक्ष्मी नारायण के पास दो हजार रुपये अतिरिक्त मिले। वहीं टीटीई महेंद्र मीणा के पास अतिरिक्त राशि नहीं मिली। जबलपुर रेल मंडल ने दोनों टीटीई को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए है।
रेल विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि ट्रेन में टिकट जांच के दौरान यात्रियों से निर्धारित राशि से जबरन अधिक राशि ली जा रही है। टीटीई अवैध कमाई कर रहे है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अतिरिक्त नकदी मिलने के बाद तीनों टीटीई को सीटीआई कक्ष में ले जाकर आगे की कार्यवाही की गई।
विजिलेंस टीम को तलाशी के दौरान तीसरे टीटीई महेंद्र मीणा के पास अतिरिक्त राशि नहीं मिली। इस पर जांच अधिकारियों को संदेह है कि उसने बचने के लिए कहीं रुपये फेंक तो नहीं दिए। इसकी पुष्टि के लिए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाली जा रही है। वह अभी संदेह के घेरे में है।
यह भी पढ़ें- तीन तलाक के आरोप में पति को राहत नहीं, FIR निरस्त करने से हाई कोर्ट का इनकार