
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हाई कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण अथवा आनुपातिक प्रतिनिधित्व की मांग वाली जनहित याचिका हाई कोर्ट ने खारिज कर दी है। याचिका खारिज होने के बाद एसोसिएशन की ओर से उक्त आदेश को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देने की बात कही गई है।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोग्जे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से दायर याचिका में स्पष्ट किया कि कॉलेजियम की नियुक्ति प्रक्रिया में न्यायिक हस्तक्षेप का दायरा सीमित है।
याचिका में सुप्रीम कोर्ट कालेजियम द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के लिए सात अधिवक्ताओं को न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता उदय कुमार साहू ने दलील दी कि अनुशंसित सात नामों में एससी और एसटी वर्ग का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, जबकि ओबीसी वर्ग से केवल एक अधिवक्ता शामिल है।
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता, सार्वजनिक सूचना और वस्तुनिष्ठ मानदंडों के अभाव का मुद्दा भी उठाया गया। युगलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के अन्ना मैथ्यूज एवं अन्य बनाम सुप्रीम कोर्ट आफ इंडिया एवं अन्य (2023) 5 एससीसी 661 के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि न्यायालय कालेजियम की अनुशंसा को निरस्त करने अथवा पुनर्विचार के लिए लौटाने का निर्देश नहीं दे सकता। ऐसा करना कालेजियम के निर्णय के स्थान पर न्यायालय की अपनी राय थोपने जैसा होगा।
न्यायिक समीक्षा मुख्यतः संविधान के अनुच्छेद 217(2) के तहत निर्धारित पात्रता और अनुच्छेद 217(1) के अंतर्गत प्रभावी परामर्श की संवैधानिक प्रक्रिया तक सीमित है। युगलपीठ ने अपने पूर्व निर्णय मारुति सोंधिया बनाम भारत संघ एवं अन्य का उल्लेख करते हुए कहा कि हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति में किसी जाति अथवा वर्ग के लिए आरक्षण या आनुपातिक प्रतिनिधित्व निर्धारित नहीं है।
सभी वर्गों को उनकी जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की मांग के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया में आरक्षण लागू नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट के न्यायाधीश का पद उच्च संवैधानिक पद है, न कि राज्य सरकार के अधीन सामान्य सिविल पद। नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 217 और कॉलेजियम व्यवस्था के तहत निर्धारित प्रक्रिया से होती है। इसलिए सार्वजनिक विज्ञापन अथवा औपचारिक आवेदन प्रक्रिया नहीं अपनाना अपने आप में संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन नहीं है।
राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा अभ्यावेदनों को राज्य सरकार को भेजे जाने को भी कोर्ट ने नियुक्ति प्राधिकारी के लिए बाध्यकारी संवैधानिक निर्देश नहीं माना। कालेजियम द्वारा अभ्यावेदनों पर अलग से कारणयुक्त आदेश पारित नहीं करना भी अनुशंसा को अवैध नहीं बनाता। कोर्ट ने अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता और शासकीय अधिवक्ताओं की नियुक्तियों में आरक्षित वर्गों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने संबंधी दलील को न्यायाधीशों की नियुक्ति की प्रक्रिया से अलग माना।
खंडपीठ के अनुसार, राज्य के विधि अधिकारियों की नियुक्ति कार्यकारी नीति और व्यावसायिक विश्वास के आधार पर होती है। इसे न्यायाधीशों की संवैधानिक नियुक्ति प्रक्रिया से जोड़कर चुनौती नहीं दी जा सकती। कोर्ट ने कहा कि समान आधारों पर पूर्व में भी याचिका खारिज की जा चुकी है और वर्तमान मामले में कोई नया आधार नहीं है, जिससे अलग दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता हो। इन टिप्पणियों के साथ याचिका निरस्त कर दी गई।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने चुनाव याचिका की सुनवाई में तीन राज्यसभा सदस्यों पर लगाया जुर्माना