
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अतिसुरक्षित माने जाने वाले रक्षा क्षेत्र के व्हीकल फैक्ट्री के टेस्टिंग ग्राउंड में विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, टेस्टिंग ग्राउंड में शनिवार दोपहर 12:00 परिसर के भीतर कोई विस्फोटक पदार्थ रखा गया था, जिसके फटने से यह हादसा हुआ।
विस्फोट होते ही निर्माणी के आला अधिकारी और सुरक्षा अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। पूरे परिसर को सुरक्षित किया गया और आसपास के क्षेत्र में आवाजाही पर नजर रखी गई। विस्फोटक की प्रकृति क्या थी और वह अतिसुरक्षित परिसर के भीतर कैसे पहुंचा, इसकी गहन जांच शुरू कर दी गई है।
डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड और सुरक्षा टीम ने परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके।
प्रबंधन पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या इसके पीछे कोई और वजह है।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के असली कारण सामने आ सकेंगे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में संविधान रक्षा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लोग भूले जिम्मेदारी, पीछे छोड़ गए कचरे का ढेर