
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । गोलबाजार मैदान में गुरुवार को संविधान रक्षा दिवस पर आयोजित विशाल कार्यक्रम के बाद पूरा खेल परिसर कचरे के ढेर में बदल गया। खाने-पीने के सामान, प्लास्टिक, बैनर-पोस्टर और पानी की बोतलों ने मैदान को बदहाल कर दिया। कार्यक्रम खत्म होते ही आयोजक तो चले गए, लेकिन पीछे रह गया कचराें का ढेर।
विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं के जमावड़े ने मैदान की हरियाली को रौंद दिया, वहीं खाने-पीने के सामान, प्लास्टिक, बैनर-पोस्टर और पानी की बोतलों ने मैदान को बदहाल कर दिया।
आयोजन के दौरान मंच, टेंट और कुर्सियों के लिए मैदान में बड़े-बड़े गड्ढे किए गए। भारी वाहनों और भीड़ के कारण मैदान का बुरा हाल था। कार्यक्रम खत्म होते ही आयोजक तो चले गए, लेकिन पीछे रह गया कचरे का अंबार।
स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि गोलबाजार मैदान शहर के प्रमुख खेल परिसरों में से एक है। यहां रोज सुबह-शाम सैकड़ों बच्चे फुटबाॅल, क्रिकेट और एथलेटिक्स का अभ्यास करते हैं। राजनीतिक आयोजनों के लिए मैदान के इस्तेमाल पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन आयोजन के बाद सफाई की जिम्मेदारी भी आयोजकों की बनती है।
नगर निगम के नियमों के अनुसार आयोजन के बाद मैदान को पहले जैसी स्थिति में लौटाना होता है, लेकिन यहां ऐसा नहीं हुआ। सफाई न होने से मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि राजनीतिक दलों से मैदान की सफाई का खर्च वसूला जाए और भविष्य में आयोजनों के लिए सख्त शर्तें तय की जाएं, ताकि संविधान की रक्षा के नाम पर खेल मैदान की बर्बादी न हो।
यह भी पढ़ें- वेटरनरी डिप्लोमा काॅलेजों की काउंसलिंग में रुचि कम, निजी काॅलेजों की सीटें भरना मुश्किल