
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। साइबर ठगों ने रांझी थाना क्षेत्र में एक महिला को फर्जी ई-चालान का झांसा देकर उनके खाते से 2.34 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। ठगों ने वॉट्सएप पर परिवहन विभाग के दो हजार रुपये के चालान की जानकारी भेजी और साथ में एक लिंक दिया।
महिला ने लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद उनका फोन हैक हो गया। मामले में रांझी पुलिस ने मंगलवार को साइबर ठगी का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार डीडी कॉलोनी मानेगांव निवासी सोनलता चार्ल्स (57) के मोबाइल पर 17 सितंबर को एक नंबर से वॉट्सएप मैसेज आया था। मैसेज में परिवहन विभाग के दो हजार रुपये के चालान की जानकारी दी गई थी।
मैसेज में दिए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद 21 सितंबर को उनके खाते से एक के बाद एक ट्रांजेक्शन होने लगे। साइबर ठगों ने अलग-अलग लेनदेन के जरिए महिला के खाते से कुल 2 लाख 34 हजार रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए।
वहीं इंजीनियरिंग छात्र को चाकू की नोक पर धमकाकर पांच हजार रुपये लूटने और उसके मोबाइल से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराने के मामले में माढ़ोताल पुलिस ने आरोपित आयुष राजपूत को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने छात्र से मारपीट करने के बाद उसे बाइक पर बैठाकर तिवारी होटल ले गया था। वहां उसकी जेब से नकदी निकालने के साथ मोबाइल छीनकर पेटीएम से भी रकम ट्रांसफर कराई गई।
पुलिस ने बताया कि मूलत: सिंगरौली निवासी अभिनाश कुमार (21) माढ़ोताल स्थित निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है और नीमखेड़ा में रहता है। 22 अगस्त को कॉलेज की छुट्टी होने के बाद वह पैदल घर जा रहा था। कॉलेज से कुछ आगे पहुंचने पर ग्रीन सिटी सत्यम होम, माढ़ोताल निवासी आयुष राजपूत ने उसे रोक लिया।
पुलिस के अनुसार आयुष ने चाकू दिखाकर छात्र को धमकाया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर तिवारी होटल ले गया। वहां उसकी जेब में रखे पांच हजार रुपये ले लिए। इसके बाद मोबाइल छीनकर पासवर्ड पूछा।
पेटीएम के जरिए पांच हजार रुपये सुमित सिंह के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस के अनुसार होटल का 80 रुपये का बिल भी छात्र के मोबाइल से ही चुकाया गया। शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में आयुष राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के एमआर फोर पर स्कूली बस ने रौंदा, सिर कुचलने से परीक्षा देकर लौट रही युवती की मौत