
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भेड़ाघाट स्थित परीक्षा केंद्र में प्रतियोगी परीक्षा देकर मोपेड से घर लौट रही युवती को मंगलवार दोपहर एमआर फोर पर स्कूल बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवती सड़क पर गिर गई और बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया। यादव कॉलोनी चौकी पुलिस ने बस जब्त कर शव का पोस्टमार्टम कराया और चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गोहलपुर बस्ती नंबर एक निवासी अल्का पांडे (27) मंगलवार को भेड़ाघाट स्थित परीक्षा केंद्र में प्रतियोगी परीक्षा देने गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह मोपेड क्रमांक एमपी 20 एसजेड 6001 से घर लौट रही थीं।
दोपहर में एमआर फोर मोड़ से कुछ आगे पहुंचने के दौरान पीछे से आ रही लिटिल वर्ल्ड की स्कूल बस क्रमांक एमपी 20 पीए 1092 ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद अल्का सड़क पर गिर गईं। बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलने पर यादव कालोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और स्कूल बस जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया। मामले में चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ऑफिस के लिए घर से निकली युवती तिलवारा पहुंची, पुराने पुल से नर्मदा में लगाई छलांग