जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। दशहरा, दीवाली और छठ पूजा पर दक्षिण से उत्तर भारत आने और जाने वाले यात्रियों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन चलेगी। रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 05271 और गाड़ी संख्या 05272 मुजफ्फरपुर-यशवंतपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस स्पेशल मुजफ्फरपुर से छह अक्टूबर से आठ दिसंबर तक हर शुक्रवार को चलेगी। यशवंतपुर से 9 अक्टूबर से 11 दिसंबर तक हर सप्ताह सोमवार को चलेगी।
गाड़ी संख्या 05271 मुजफ्फरपुर-यशवंतपुर पूजा स्पेशल मुजफ्फरपुर से शुक्रवार को दोपहर 3.30 बजे चलेगी। शनिवार की सुबह 6.00 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इधर गाड़ी संख्या 05272 यशवंतपुर-मुजफ्फरपुर पूजा स्पेशल यशवंतपुर से सोमवार को सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। मंगलवार को रात 9.40 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
जबलपुर से रानी कमलापति के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का समय और रूट बदल गया है। रेलवे बोर्ड के निर्णय के अनुसार वंदेभारत ट्रेन को 10 अक्टूबर से रीवा से जबलपुर होकर रानी कमलापति के बीच चलाया जाएगा। यह ट्रेन सुबह साढ़े पांच बजे रीवा स्टेशन से रवाना होगी और सतना, मैहर, कटनी होकर जबलपुर सुबह 8.45 पर आएगी। यहां पर 10 मिनट रुकने के बाद रानी कमलापति के लिए रवाना हो जाएगी।