
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। त्योहार पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए चलाई गईं स्पेशल ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात यह हैं कि उत्तर भारत में घना कोहरा शुरू होने से पहले ही ट्रेनों की चाल बिगड़ने लगी है।
कई स्पेशल ट्रेनें पांच से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। अयोध्या कैंट-एलटीटी स्पेशल तो बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 27.5 घंटे की देरी से जबलपुर पहुंची। एक दिन से अधिक विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों का पूरा यात्रा कार्यक्रम गड़बड़ा गया।
ट्रेनों को रास्ते में रोका जा रहा
कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा रद्द या पुनर्निर्धारित करनी पड़ी। यात्रियों की परेशानी सिर्फ देरी तक सीमित नहीं है। ट्रेनों को रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर घंटों रोक दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को बिना किसी निश्चित जानकारी के कोच में बैठे इंतजार करना पड़ता है।
लंबी यात्रा के दौरान खाने-पीने, बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल को लेकर भी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन कब चलेगी और गंतव्य तक कब पहुंचेगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती है।
गुरुवार को जबलपुर पहुंचने वाली कई स्पेशल ट्रेनें घंटों विलंब से आईं। इनमें दानापुर-बेंगलुरु हमसफर 16.5 घंटे, झंझारपुर-उधना और एलटीटी-रक्सौल स्पेशल 11-11 घंटे, दानापुर-एलटीटी 10 घंटे तथा पुणे-दानापुर स्पेशल नौ घंटे की देरी से पहुंचीं।
यह भी पढ़ें- 'कहां गाओ चिलम तंबाकू को डब्बा' गाने पर महिला डांसरों संग नाचे भाजपा विधायक, कांग्रेस ने घेरा
पटना-हड़पसर और रक्सौल-एलटीटी स्पेशल पांच-पांच घंटे लेट
वहीं, पटना-हड़पसर और रक्सौल-एलटीटी स्पेशल पांच-पांच घंटे विलंब से आईं। नियमित ट्रेनें भी प्रभावित-स्पेशल ट्रेनों की अनियमित आवाजाही का असर नियमित ट्रेनों पर भी पड़ रहा है। गुरुवार को सीएसएमटी-बनारस महानगरी एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे, संतरागाछी-जबलपुर हमसफर और एलटीटी-बनारस सुपरफास्ट तीन-तीन घंटे तथा राजेंद्र नगर-एलटीटी जनता एक्सप्रेस सवा दो घंटे विलंब से पहुंची।
ट्रेनों का भी बढ़ा दबाव-जबलपुर से सामान्य दिनों में करीब 125 यात्री ट्रेनों की आवाजाही होती है। त्योहार के दौरान यह संख्या 150 से अधिक पहुंचने से रेल परिचालन पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। बिहार की ओर से आने वाली कुछ ट्रेनों की देरी के पीछे कोहरे का असर भी बताया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों का त्योहार की भीड़ के लिए चलाई गईं स्पेशल ट्रेनों के समय पर नहीं चलने से समस्या बढ़ गई है। पहुंचाने की व्यवस्था आखिर कब सुधरेगी।