
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में बुधवार को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद सांस्कृतिक आयोजन चर्चा में आ गया। साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू का महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
विधायक ''''कहां गाओ चिलम तंबाकू को डब्बा''''गाने पर नृत्य करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके गले में भाजपा का पट्टा भी दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी मौजूद थे, जो मंच पर बैठकर विधायक का नृत्य देखते हुए मुस्कुराते नजर आए।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मारो में 2.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया था। उनके जाने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी दौरान विधायक ईश्वर साहू ने महिला डांसरों के साथ नृत्य किया।
कांग्रेस का भाजपा पर निशाना
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का अभियान केवल भाषणों और कागजों तक सीमित है।
यह भी पढ़ें- CG में बिजली उपभोक्ताओं को सख्त चेतावनी, 7 लाख ने नहीं चुकाया बिल; अब 31 दिसंबर के बाद होगी कार्रवाई
एक तरफ भाजपा विधायक सार्वजनिक कार्यक्रम में चिलम-तंबाकू से जुड़े गाने पर नृत्य कर रहे हैं, दूसरी तरफ कोरबा जिले के कोरबी धतूरा स्कूल के सात बच्चों के सिगरेट और गांजा सेवन का मामला सामने आया है। ऐसे में सरकार बताए कि नशामुक्त भारत का लक्ष्य कैसे पूरा होगा। कांग्रेस ने विधायक के इस सार्वजनिक प्रदर्शन पर भाजपा नेतृत्व और सरकार से जवाब मांगा है।
यह भी पढ़ें- भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो पनीर जब्त, एनालॉग होने की आशंका; खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई