
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: जिले के भानतलैया में रहने वाले एक व्यक्ति ने पहले पत्नी को बहाना बनाकर उसके मायके भेजा। पत्नी ने ससुराल वापस आने के लिए पूछा तो पति ने उसे मना कर दिया। फिर पत्नी के लिए फोन पर एक वॉइस मैसेज भेजा और तीन बार तलाक बोलकर उससे संबंध समाप्त कर लिया।
अधारताल निवासी फरहीन अली (32) का विवाह वर्ष 2010 में वाहिद अली से हुआ था। दंपती की दो संतान है। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और उसके ससुर नजर अली, सास सुल्ताना बानो, ननद शमां खान, नुशरत खान और देवर जावेद अली मामूली घरेलू बातों को लेकर उसे परेशान लगे।
प्रताड़ना से त्रस्त होकर वह गत कुछ समय से मायके में रही थी। 16 जनवरी को पति ने फोन करके उसे ससुराल बुलाया। कुछ दिन बाद फिर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। 29 जनवरी को पति एवं ननद नुशरत ने ससुराल के घर में मरम्मत कराने की बात कहर उससे मायके जाने कहा। मना करने पर पति नाराज हो गए।
आरोपी जबरन पत्नी फरहीन को मायके ले जाकर छोड़ आए। उनके बच्चों को पति वाहिद ने अपने पास रख लिया। उसने कुछ दिनों पहले पति को फोन कर ससुराल लौटने के बारे में पूछा। इस पर पति ने अभद्रता की और फिर 16 फरवरी को पत्नी फरहीन की बहन के मोबाइल फोन पर रात को एक वाइस मैसेज भेजा। जिसमें उसने कहा था कि मैं वाहिद अली अपने होशो हवाश में फरहीन को तलाक देता हूं, यह कहते हुए तीन तलाक दे दिया।
यह भी पढ़ें- MP में 10 साल बाद परिवार से मिला मतांतरण का शिकार संतोष, परिजनों को देख फफक पड़ा, अब जाएगा घर
मामले में पत्नी की शिकायत पर आरोपित वाहिद पर बीएनएस और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार का संरक्षण) अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत एफआइआर पंजीबद्ध की गई है।