
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के धनवंतरी नगर और त्रिपुरी चौक स्थित शराब दुकानों के संचालन को लेकर कांग्रेस के पश्चिम विधानसभा ब्लाॅक अध्यक्ष अभिषेक पाठक पर शराब व्यापारी से रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर दुकान बंद कराने की धमकी देने के आरोप लगे हैं।
वह करीब तीन वर्ष से अलग-अलग मौकों पर शराब व्यापारी से रुपये वसूल रहा था। शुरुआत में दो दुकानों के संचालन के एवज में प्रति दुकान 20 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे थे।
बाद में रकम बढ़ाकर तीन दुकानों के लिए कुल 60 हजार रुपये प्रतिमाह मांगी जाने लगी। मामले में गढ़ा पुलिस ने आरोपी अभिषेक पाठक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अभिषेक से फोन पर हुई बातचीत में निखिल ने पहले की तरह 40 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोपित ने इससे अधिक रकम की मांग की। राशि बढ़ाने से इनकार करने पर दुकान बंद कराने एवं गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। उनकी बीच बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
शराब व्यापारी के रुपये देने से मना करने पर अभिषेक पाठक ने साथियों के साथ शराब दुकान के सामने धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान दुकानों से अवैध और नकली शराब बेचे जाने के आरोप लगाए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
आरोप है कि रकम की मांग पूरी नहीं होने पर दुकान और ठेकेदार की छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो भी वायरल किया गया।
आरोप है कि विवाद सामने आने के बाद निखिल सोनी का एआई तकनीक की मदद से कथित फर्जी वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इसे गलत बताते हुए संबंधित रिकार्डिंग पुलिस को सौंपी है।
पुलिस ने मामले से जुड़े ऑडियो-वीडियो रिकार्डिंग, मीडिया पर वायरल वीडियो के स्रोत और उसकी वास्तविकता की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- एसबीसी चुनाव में जबलपुर से सात अधिवक्ता निर्वाचित, इंदौर से पांच और ग्वालियर-भिंड से तीन जीते