
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। चलती एसयूवी के फुटरेस्ट पर खड़े होकर और कार की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करने के मामले में बेलबाग पुलिस ने पांच वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने तीन वाहन जब्त कर लिए हैं, जबकि एक एसयूवी और एक कार के मालिकों व चालकों की तलाश की जा रही है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें दो एसयूवी और तीन कारें दिखाई दे रही थीं। इनमें सवार युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर और फुटरेस्ट पर खड़े होकर स्टंट करते नजर आए। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच की गई। इसमें घटना बेलबाग थाना क्षेत्र की होने की जानकारी सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों के मालिकों और चालकों की पहचान की। कार क्रमांक एमपी 20 जेडपी 2660 दुर्गा मंदिर निवासी अभिजीत जाट के नाम पर पंजीकृत है।
बड़ी खेरमाई निवासी गौरव विश्वकर्मा उर्फ प्रिंस चला रहा था। इसी तरह कार क्रमांक एमपी 20 जेडजे 2375 बेलबाग निवासी श्रीराम जाट के नाम पर पंजीकृत है। इसे कंजड़ मोहल्ला निवासी पीयूष जाट चला रहा था।
एसयूवी क्रमांक एमपी 20 जेडएक्स 9124 बेलबाग निवासी मीनाक्षी जाट के नाम पर पंजीकृत है, जिसे कंजड़ मोहल्ला निवासी सत्यजीत जाट चला रहा था।
कार क्रमांक एमपी 20 जेडडी 3437 और एसयूवी क्रमांक एमपी 20 सीएफ 2710 के मालिकों और ड्राइवरों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने पांचों वाहनों के मालिकों और ड्राइवरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- ‘अर्णब’ का असर: जबलपुर में सुबह पड़ीं फुहारें, संभाग के जिलों में छाए भी रहेंगे बादल