जबलपुर रेलवे स्टेशन पर फूड स्टॉल के पास से भड़की आग, मची अफरा-तफरी, कोई घायल नहीं
जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक के एक फूट स्टॉल में बुधवार को अचानक आग भड़क गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 06:00:05 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 06:19:02 PM (IST)
HighLights
- शार्ट सर्किंग के चलते आग लगने का दावा, तुरंत काबू पाया गया
- घटना के समय पार्सल लगेज वैन में सामान चढ़ाया व उतारा जा रहा था
- आसपास मौजूद यात्री तुरंत मौके से सुरक्षित क्षेत्र की ओर भागे
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक के एक फूट स्टॉल में बुधवार को अचानक आग भड़क गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की घटना पार्सल विभाग के पास प्लेटफार्म पर एक फूड स्टॉल से हुई। जहां से निकली चिंगारी से कुछ ही देर में आग फैल गई।
मौके पर तुरंत अग्निशमन वाहन पहुंचा और आग पर काबू पा लिया गया है। घटना का प्रारंभिक कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है।
शार्ट सर्किंग के चलते आग लगने का दावा
बुधवार शाम लगभग चार बजे की घटना है। प्लेटफार्म एक के कटनी एंड पर हादसा हुआ। दावा किया जा रहा है कि शार्ट सर्किंग के चलते हादसा हुआ। फूड स्टॉल से उठी चिंगारी कुछ ही देर के अंदर लपटों में बदल गई। ऊंची लपटों से प्लेटफार्म का शेड जल गया।
पार्सल लगेज वैन में सामान चढ़ाया और उतारा जा रहा था
लपटों और वहां से उठते काला धुआं को देखकर प्लेटफार्म यात्री और कर्मचारियों मे दहशत फैल गई। घटनास्थल के आसपास मौजूद यात्री तुरंत मौके से सुरक्षित क्षेत्र की ओर भागे। जिस समय घटना हुई प्लेटफार्म पर खड़े एक पार्सल लगेज वैन में सामान चढ़ाया और उतारा जा रहा था।
रेल कर्मचारियों ने तुरंत आग को बुझाने का प्रयास किया
रेल कर्मचारियों ने तुरंत आग को बुझाने का प्रयास किया। अग्निशमन वाहन भी तुरंत मौके पर पहुंच गया और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। दावा किया जा रहा है कि फूड स्टॉल से भड़की आग से आसपास रखे कुछ पार्सल के सामान को भी क्षति पहुंची है।
फूड स्टॉल का सामान भी जल गया है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, घटना का कारण प्रारंभिक रूप से शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।