
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। औद्योगिक क्षेत्र रिछाई स्थित पारले जी बिस्किट (बाला जी ग्रुप ) फैक्ट्री में सोमवार की दोपहर करीब 2:15 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। भीषण आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही नजर आ रहा था।

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री, पैकेजिंग मैटेरियल और खाद्य तेल होने के कारण आग इतनी तेजी भड़की कि विस्फोटक आवाज के साथ गोदाम का शेड भी उड़ गया। बढ़ती आग को देखते हुए आस-पास संचालित फैक्टी संचालकों में भी हड़कंप मचा रहा।

आनन-फानन में नगर निगम के दमकल शाखा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पहले नगर निगम के आठ दमकल वाहन रवाना किए गए। परंतु आग की भयावहता को देखते हुए खमरिया, वीकल फैक्ट्री सहित सिहोरा, मझौली, शहपुरा से भी दमकल वाहन बुलवा लिए गए।
करीब छह से सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि रह-रह कर भड़कती आग को देखते हुए नगर निगम का अग्नि शमन के अधिकारी व दमकल अमला देर रात तक मौके पर मौजूद रहा।

प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार दोपहर में अचानक आग लगते ही फैक्ट्री के भीतर भी भगदड़ मच गई। आग बढ़ते ही एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों और मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे फैक्ट्री में कोई हताहत नहीं हुआ।



आग लगने की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन, पुलिस, नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शाॅर्ट सर्किट माना जा रहा है।


यह भी पढ़ें- जबलपुर में सौतेले पिता की प्रताड़ना से परेशान बालिका ने दी जान, गिरफ्तार आरोपी शराब पीकर करता था मारपीट