
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के दो सबसे बड़े सरकारी अस्पताल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल काॅलेज और जिला अस्पताल विक्टोरिया में डाक्टर तक पहुंचने से पहले मरीजों को पर्ची की लंबी कतार से गुजरना पड़ रहा है।
आभा आईडी बनवाने, ओपीडी नंबर लेने और फिर डाॅक्टर को दिखाने की प्रक्रिया ने परेशानी के तीन पड़ाव खड़े कर दिए हैं। सर्वर डाउन होने और काउंटर कम होने से इंतजार और बढ़ जाता है।
मेडिकल काॅलेज में रोजाना करीब एक हजार और विक्टोरिया में 600 से अधिक मरीज ओपीडी पहुंचते हैं। डिजिटल हेल्थ रिकाॅर्ड में प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहने और 8,40,607 मरीजों का रिकार्ड बनाने के बावजूद मेडिकल में कतारें कम नहीं हुई हैं। वहीं विक्टोरिया में 40 कंप्यूटर लगाने के बाद भी ई-पर्ची व्यवस्था अभी केवल दो ओपीडी में ट्रायल तक सीमित है।
मरीजों का आरोप है कि अब पर्ची के लिए प्रक्रिया और लंबी हो गई है। पहले सीधे पर्ची काउंटर पर जाते थे। अब पहले आभा आइडी रजिस्ट्रेशन, फिर ओपीडी नंबर, फिर डाक्टर की लाइन। अगर सर्वर डाउन हो जाए तो मुसीबत और बढ़ जाती है। एक बार सर्वर डाउन होने पर मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा था।
विक्टोरिया को ई-हास्पिटल बनाने की तैयारी चल रही है। ओपीडी में कंप्यूटर जनित डिजिटल पर्चा देने के लिए 40 नए कंप्यूटर लगाए गए हैं और डाक्टरों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है, लेकिन धरातल पर अभी भी 7 और 8 नंबर ओपीडी में ही ट्रायल चल रहा है, बाकी जगह पुरानी व्यवस्था ही चल रही है।
लाइन में सबसे ज्यादा हालत बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की खराब होती है। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। धूप में खड़े रहने से कई मरीजों को चक्कर आ जाता है। स्वजन कहते हैं कि डाॅक्टर को दिखाने से पहले ही मरीज आधा बीमार हो जाता है। कई मरीज तो लाइन देखकर ही बिना इलाज कराए लौट जाते हैं और झोलाछाप डाक्टरों के पास चले जाते हैं। इससे बीमारी और बढ़ जाती है।
ओपीडी की लंबी लाइन से मरीजों को राहत दिलाने हम प्रयासरत हैं, जल्द ही इसमें अमल शुरू होगा। हम कोशिश कर रहे हैं कि काउंटर बढ़ाएं जाएं।
डाॅॅ. अरविंद शर्मा, अधीक्षक मेडिकल काॅलेज अस्पताल
मरीज और स्वजन रोज शिकायत करते हैं, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुधार नहीं दिखता। पर्ची काउंटर सुबह समय पर नहीं खुलते, काउंटरों की संख्या मरीजों के हिसाब से बहुत कम है। ओपीडी का समय सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक है, लेकिन भीड़ को देखते हुए काउंटर 8 बजे से ही शुरू होना चाहिए।
मेडिकल काॅलेज और विक्टोरिया अस्पताल गरीबों का सबसे बड़ा सहारा हैं। यहां इलाज अच्छा है, डाॅक्टर अच्छे हैं, लेकिन इलाज तक पहुंचने का रास्ता ही सबसे बड़ी बीमारी बन गया है। अगर पर्ची की लाइन छोटी हो जाए, तो आधी परेशानी ही खत्म हो जाएगी। प्रशासन को अब कागजों में नहीं, जमीन पर सुधार करना होगा, क्योंकि मरीज इलाज के लिए आता है, लाइन में हांफने के लिए नहीं।
वैसे तो ओपीडी नियमित समय पर आरंभ हो रही है। महिलाओं के लिए हमने एक पृथक विंडो आरंभ किया है। चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने सुबह-शाम की ओपीडी की निगरानी भी हो रही है।
डाॅॅ. नवीन कोठारी, सिविल सर्जन जिला अस्पताल
यह भी पढ़ें- जबलपुर से सिंगरौली लौट रही कार टैंकर में घुसी, मैहर में 100 मीटर घिसटने के बाद आग भड़की, तीन युवक गंभीर