Kashi Tamil Sangamam Train : काशी तमिल सगमम की पहली ट्रेन आज जबलपुर से होगी रवाना
रामेश्वरम से चलकर बनारस की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 22535 में यात्रा करने वाले दक्षिण भारतीय यात्रियों की पहली ट्रेन काशी तमिल संगमम के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन शुक्रवार 18 नवंबर को जबलपुर स्टेशन पर पहुंचेगी।
By Mukesh Vishwakarma
Edited By: Mukesh Vishwakarma
Publish Date: Fri, 18 Nov 2022 08:02:35 AM (IST)
Updated Date: Fri, 18 Nov 2022 08:02:35 AM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। रामेश्वरम से चलकर बनारस की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 22535 में यात्रा करने वाले दक्षिण भारतीय यात्रियों की पहली ट्रेन काशी तमिल संगमम के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन शुक्रवार 18 नवंबर को जबलपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। स्टेशन पर इस ट्रेन का स्वागत काशी-तमिल संगमम के प्रतिनिधि करेंगे। इस ट्रेन को तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और केन्द्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डा. एल मुरुगन द्वारा चेन्नाई एग्मोर स्टेशन पर बनारस के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है।
दक्षिण भारत से काशी के लिए 13 ट्रेन सेवाएं चलाई जा रही हैं, जिसमे संगमम के तहत रामेश्वरम, तिरुचिरापल्ली, कोयम्बटूर, चेन्नाई से यात्री, अपनी यात्रा शुरू करेंगे। पहली ट्रेन मंडल के जबलपुर स्टेशन पर 18 नवम्बर को दोपहर 15.35 बजे, कटनी स्टेशन पर शाम 16.55 बजे एवं सतना स्टेशन पर शाम 18.20 बजे होते हुए बनारस पहुंचेगी। काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान के सदियों पुराने बंधन और प्राचीन सभ्यतागत जुड़ाव को फिर से खोजने के लिए वाराणसी में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक काशी तमिल संगमम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इन ट्रेन सेवाओं में तमिलनाडु के कुल 2592 प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिसके प्रत्येक रेक में 216 यात्री होंगे। यह ट्रेन मार्ग में 21 स्टेशनों पर रुकेगी।