
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझौली में 21 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से दो युवकों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय दल गठित किया है।
दल में अपर कलेक्टर अखिलेश सिंह, सिहोरा एसडीएम ज्योति परस्ते, सिहोरा एसडीओपी मेहंती मरावी, मझौली तहसीलदार जानकी उइके और एमपीईबी सिहोरा के कार्यपालन यंत्री भूपेंद्र चौरसिया को शामिल किया गया है।
जांच दल हादसे के कारणों, विद्युत सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और संभावित लापरवाही की पड़ताल करेगा। दल जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगा। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शुक्रवार देर शाम मझौली पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले प्रिंस चौहान और विकास राजपूत के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंत्री सिंह हादसे में घायल विक्की रैकवार के घर भी पहुंचे। उन्होंने घायल की कुशलक्षेम पूछी, स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से चर्चा की।