
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म क्रमांक-एक के कटनी छोर पर फूड स्टाॅल में लगी आग के मामले में शाॅर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हादसे में स्टाॅल पूरी तरह जलकर खाक हो गया था।
स्टाॅल पर रखी सामग्री, पार्सल विभाग के सामान और रेलवे की कुछ संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद तकनीकी विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
इस घटना ने स्टेशन की खानपान इकाइयों में अग्नि और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने अब पूरे जबलपुर रेल मंडल में संचालित खानपान स्टालों और अन्य वाणिज्यिक इकाइयों की सुरक्षा जांच कराने का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आगामी एक सप्ताह में सभी इकाइयों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें फूड स्टाॅल, फूड प्लाजा, जन आहार, पार्सल कार्यालय और अन्य वाणिज्यिक इकाइयां शामिल रहेंगी।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और कार्यशीलता, बिजली की वायरिंग, उपकरणों की स्थिति तथा आग से बचाव के इंतजाम जांचे जाएंगे। लापरवाही मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जबलपुर स्टेशन की एक इकाई में अनियमितता मिलने पर उसे बंद भी कराया गया है। उधर, पार्सल विभाग हादसे में क्षतिग्रस्त सामान का आकलन कर रहा है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या, सात आरोपियों को नागपुर भागने से पहले ही किया गिरफ्तार