
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में दो माह पुरानी रंजिश पर एक किशोर की हत्या के मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
चारखंबा क्षेत्र में 15 नवंबर की रात 17 वर्षीय नौशाद उर्फ डी पर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। मामले में हनुमानताल पुलिस ने तीन नाबालिग सहित चार आरोपियों को पकड़ा है।
आरोपियों के कब्जे से पांच चाकू, दो मोटरसाइकिल और एक मोपेड जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपियों में मोहरिया आजाद नगर निवासी रेहान अहमद अंसारी (19), मक्का नगर गली नंबर चार निवासी आमीन अंसारी (21), पुराना पुल हामिद हसन की बाड़ी के सामने निवासी मेराज अली अर्फ मेहराज (19) और आजाद नगर निवासी जैनुअल आब्दीन (20) शामिल है।
जांच में सामने आया कि नौशाद के भाई का करीब दो माह पहले रेहान और जैनुल से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद से आरोपी फरार थे। नागपुर भागने की फिराक में आइएसबीटी के पास मौजूद आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। उनकी निशानदेही पर छिपाए गए हथियार और वाहन बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें- सरकारी जवाब में एआई से गढ़ा न्यायिक फैसला, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का हवाला देने पर हाई कोर्ट नाराज