
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जंगलों में वन्यजीवों के शिकार और अंतरराज्यीय गिरोहों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग को अतिरिक्त अधिकार देने का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है।
हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और वन अपराधों की प्रभावी जांच के लिए वन अमले को कौन-कौन से अतिरिक्त अधिकार और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
सुनवाई के दौरान श्योपुर में 10 तेंदुओं के शिकार का मामला भी सामने आया। कोर्ट मित्र अधिवक्ता अंशुमान सिंह ने बताया कि इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी।
तेंदुओं की खाल आगरा से बरामद हुई थी, जबकि आरोपितों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। इससे वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके अंगों के कारोबार के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ।
कोर्ट ने वन अधिकारियों को काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) और लोकेशन सर्विलांस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे पर केंद्र से जवाब मांगा है। यह व्यवस्था लागू होने पर वन अपराधों की जांच और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिल सकती है।
दरअसल, धार जिले में बाओबाब प्रजाति के पेड़ों की कटाई और परिवहन के मामले में हाई कोर्ट ने वर्ष 2023 में जनहित याचिका दर्ज कर सुनवाई शुरू की थी। 15 मई 2023 को कोर्ट ने इन पेड़ों की कटाई और परिवहन पर रोक लगाई थी। इसी प्रकरण में वन व वन्यजीव संरक्षण से जुड़े व्यापक मुद्दे सामने आए।