
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र निवासी एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के डायरेक्टर को कम ब्याज दर पर करोड़ों रुपये का ऋण दिलाने का झांसा देकर 54.40 लाख रुपये ऐंठने के मामले में फरार दूसरे आरोपी को दबोच लिया गया है।
आरोपी सदर निवासी सचिन पिल्लई (47) अपने घर चोरी-छिपे पहुंचा था, तभी पुलिस को भनक लग गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मझौली में सिहोरा रोड सांई सदन निवासी नरेंद्र सिंह परिहार सांई शक्ति महिला टेक्नीकल एवं डेवलपमेंट सोसायटी के डायरेक्टर हैं। उनकी संस्था माइक्रो फाइनेंस से संबंधित कार्य करती है। उन्हें संस्था के विस्तार के लिए रुपयों की आवश्यकता थी। तभी सदर निवासी सचिन पिल्लई ओर ब्रजेश तिवारी से उनकी मुलाकात हुई।
दोनों ने आपसी सहमति से एटी फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से कम ब्याज दर पर 30 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया था।
दोनों ने नरेंद्र से प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर आठ अक्टूबर से चार दिसंबर, 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में 52 लाख 40 हजार रुपये बैंक के माध्यम से और दो लाख रुपये नकद लिए गए।
इस तरह कुल 54 लाख 40 हजार रुपये लेने के बाद भी ऋण नहीं दिलाया गया। तब उन्होंने कुछ समय पूर्व पुलिस में आरोपियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी।
ऋण दिलाने के नाम पर एक होटल संचालक के साथ भी धोखाधड़ी हुई थी। होटल संचालक को 15 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में पुलिस ने फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड और उसके कथित डायरेक्टर ब्रजेश तिवारी को आरोपी बनाया था। गोरखपुर पुलिस ने आरोपी ब्रजेश तिवारी को गिरफ्तार किया था, लेकिन सदर निवासी उसका साथी फरार था।
होटल संचालक को ऋण दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग शुल्क के लाखों रुपये हड़पकर फरार आरोपी ब्रजेश तिवारी को गत माह गोरखपुर पुलिस ने दबोचा था। उसके पकड़े जाने पर मझौली में उनके द्वारा की गई इसी प्रकार की धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। तब मझौली पुलिस ने नरेंद्र की शिकायत पर दोनों को आरोपित बनाया था। पुलिस ब्रजेश की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- MP हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, विधवा महिला का नहीं छिनेगा संपत्ति अधिकार; रह सकती है दूसरे पुरुष के साथ