
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। साइबर ठगों ने शहर में चार लोगों के बैंक खातों से करीब 3.63 लाख रुपये पार कर दिए। ठगी के शिकार लोगों में एक शासकीय शिक्षक भी शामिल हैं।
महाराजपुर के हाउसिंग बोर्ड सुभाष नगर निवासी सविता मायकल (48) ने ई-कामर्स कंपनी से बैग आर्डर किया था। डिलीवरी के दौरान 526 रुपये के बजाय 530 रुपये लिए जाने पर उन्होंने इंटरनेट से कंपनी का हेल्पलाइन नंबर खोजकर संपर्क किया। रिफंड का आश्वासन मिलने के कुछ ही देर बाद उनके खाते से 98 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए।
अधारताल थाना क्षेत्र के बीजासेन माता मंदिर के पास रहने वाले दुर्गा प्रसाद मिश्रा (47), पनागर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक हैं। 21 अक्टूबर को उनके दो बैंक खातों से पांच ट्रांजेक्शन हुए। इनके जरिए अज्ञात आरोपी ने एक लाख सात हजार रुपये निकाल लिए गए। जबकि उन्होंने खुद कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया था।
सुहागी निवासी राहुल चौबे (29) के बैंक आफ इंडिया खाते में अज्ञात ने लगातार दो दिन सेंध लगाई। 12 और 13 अक्टूबर को तीन ट्रांजेक्शन में एक लाख 28 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। वहीं, माढ़ोताल की ग्रीन सिटी निवासी आकाश कुमार (30) के खाते से सात अक्टूबर को 30 हजार रुपये पार कर दिए गए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में लोहे के ट्रेस और पाइप में करंट से मां-बेटे की मौत, सीएम ने कहा- सरकार परिवार को देगी आर्थिक मदद