
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पारिवारिक विश्वास के चलते उधार के लिए दिए गए करीब 50 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण वापस नहीं मिलने का मामला सामने आया है। गोरखपुर थाना क्षेत्र में संजीवनीनगर निवासी प्रियंका ढिमोले (37) ने रिश्ते के देवर शिवम ढिमोले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप है कि शिवम ने आभूषण गिरवी रखकर मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की कटंगा शाखा से ऋण लिया, लेकिन करीब तीन साल बीतने के बाद भी गहने वापस नहीं किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रियंका ने पुलिस को बताया कि कालीमठ, मदनमहल निवासी शिवम ढिमोले रिश्ते में उनका देवर लगता है और उनके पति नितिन ढिमोले (बिल्डर) के कार्यालय में काम करता था। पारिवारिक संबंधों के चलते परिवार उस पर भरोसा करता था। शिकायत के अनुसार, 8 सितंबर, 2023 को शिवम ने आर्थिक जरूरत बताते हुए नितिन से रुपये उधार मांगे। तत्काल रुपये उपलब्ध नहीं होने पर उसने प्रियंका और उनके पति से गहने देने का आग्रह किया। उसने छह-सात महीने में गहने वापस करने का भरोसा दिलाया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, विश्वास में आकर उन्होंने करीब 30 तोला वजन के सोने और हीरे के आभूषण शिवम को दे दिए। इनमें डायमंड ईयररिंग, सोने का हार, कड़े, चेन, डायमंड रिंग, सोने की अंगूठियां और ब्रेसलेट शामिल थे। प्रियंका ने आभूषण सौंपते समय अपने मोबाइल में उनकी तस्वीरें भी खींची थीं।
यह भी पढ़ें- श्रमोदय मेस घोटाला: भोपाल के बाद अब इंदौर में 1 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा, EOW की सुस्ती पर उठे सवाल
प्रियंका का आरोप है कि शिवम ने आभूषण मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की कटंगा शाखा में गिरवी रखकर ऋण लिया। निर्धारित समय बीतने पर गहने वापस मांगने पर वह टालमटोल करता रहा। आरोप है कि बाद में उन्हीं आभूषणों को गिरवी रखकर दोबारा ऋण भी लिया गया।
करीब तीन महीने पहले गहने वापस मांगने पर शिवम ने इनकार कर दिया और उनके पति नितिन को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आभूषणों, ऋण संबंधी दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।