
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझगवां थाना पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने एवं निवेश का झांसा देकर रकम ऐंठने के आरोप में एक व्यक्ति और यूनियन बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
कटनी निवासी प्रकाश बजाज ने सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी से ढीमरखेड़ा क्षेत्र की 0.44 हेक्टेयर और 0.32 हेक्टेयर भूमि का सौदा किया था। दोनों जमीनों के लिए आठ-आठ लाख रुपये सौदे तय हुए।
प्रकाश ने पूरी राशि का भुगतान भी कर दिया। लेकिन रजिस्ट्री के लिए कहने पर सुरेंद्र बात टालने लगा। बाद में पता चला कि जिस जमीन का सौदा प्रकाश से किया गया था, उसे सुरेंद्र पहले ही जमुना प्रजापति के नाम बेच चुका था।
इस पर प्रकाश ने सुरेंद्र से आपत्ति जताई उसे रुपये लौटने को कहा, इससे उसने मना कर दिया। उल्टा सुरेंद्र अपने भाई के कटनी पुलिस में होने का हवाला देकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगा।
तभी प्रकाश को जानकारी मिली कि सुरेंद्र यूनियन बैंक आफ इंडिया की कुम्ही शाखा में दलाली करता था। तत्कालीन शाखा प्रबंधक बृजलाल प्रजापति (अभी डिंडौरी में पदस्थ) से उसकी मिलीभगत थी।
सुरेंद्र स्वयं को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। बैंक मैनेजर के साथ मिलकर निवेश एवं मुनाफे का लालच देकर लोगों से रुपये ऐंठता था।
आरोप है कि शाखा प्रबंधक बृजलाल प्रजापति ने ढीमरखेड़ा शाखा में रहते हुए सुरेंद्र के साथ मिलकर प्रकाश को किसान क्रेडिट कार्ड खातों में बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित किया। आरोपितों ने अधिक लाभ का झांसा देकर उससे रकम जमा कराई।
विश्वास कायम रखने के लिए अपनी जमीनों का सौदा भी दिखाया। शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में बनेंगे चार नए फास्ट-ट्रैक कोर्ट, पन्ना में मेडिकल कॉलेज भी बन रहाः CM मोहन यादव