
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (हाइवे) में बरगी के आसपास खड़े ट्रकों और हाइवा को निशाना बनाकर डीजल चोरी करने और विरोध करने पर ड्राइवरों से लूटपाट व डकैती करने की योजना बना रहे पांच बदमाशों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया।
बरगी पुलिस ने मनकेड़ी स्थित सिंचाई विभाग के पुराने खंडहर भवन में दबिश देकर ट्रकों का डीजल चुराने वाली गैग को पकड़ा गया है। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। एसयूवी, 210 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल होने वाले हथियार व औजार जब्त किए गए हैं।
बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनकेड़ी के पुराने खंडहर में कुछ लोग बैठकर हाइवे पर खड़े ट्रक और हाइवा को लूटने की योजना बना रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज के मार्गदर्शन में टीम गठित कर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर पांचों भागने लगे। घेराबंदी हनुमानताल के रजा चौक निवासी रजा अली उर्फ राजा (27), मोहम्मद साहिल (23) और साहिल मंसूरी (18) को पकड़ लिया गया। इनके साथी रिजवान उर्फ छोटा पठान और शेरू खान चकमा देकर फरार हो गए।
मौके पर खड़ी एसयूवी की तलाशी में 10 कुप्पियां मिलीं। इनमें छह कुप्पियों में करीब 210 लीटर डीजल भरा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नागपुर-जबलपुर हाइवे पर पांच-छह ट्रकों से डीजल चोरी कर इसे भरा था। चार खाली कुप्पियां भी मिलीं, जिन्हें भरने की योजना थी।
ट्रक को हाइवे किनारा खड़ा करके जब सोते थे, तो मौका देखकर यह गैंग डीजल चुराकर भाग जाती थी। यदि कोई ड्राइवर जाग जाता तो आरोपी मारपीट कर उसे लूट लेते थे। आरोपी ट्रक चालकों से लूट डकैती की योजना बना रहे थे, जिसकी भनक लगने पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस ने एसयूवी, छह कुप्पियों में भरा डीजल, चार खाली कुप्पियां, लोहे का सब्बल, दो स्टील पाइप, पेचकस और पाना जब्त किया है। पांचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। फरार दो आरोपितों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल: किराये पर कार लेकर कर्नाटक में बंद किया GPS, ढाई महीने बाद FIR