
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल ने जबलपुर से हावड़ा के मध्य समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। यह ट्रेन (01701/02) 14 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच तीन फेरे लगाएगी। सिंगरौली, धनबाद एवं बैंडेल जंक्शन के रास्ते ट्रेन का संचालन होगा। ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान एवं सामान्य श्रेणी के कोच होंगे। संबंधित रेल मार्ग पर ग्रीष्मकालीन यातायात भार की वृद्धि होती है। ऐसे में रेलमार्ग के यात्रियों को आवाजाही के लिए स्पेशल ट्रेन का विकल्प उपलब्ध होगा। वे आसानी से कन्फर्म टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
रेलवे ने ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग प्रारंभ कर दी है। यात्री किसी भी रेलवे के कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र एवं ऑनलाइन आईआरसीटीसी की वेबसाइट से आरक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं। ट्रेन क्रमांक 01701 जबलपुर से प्रत्येक मंगलवार को शाम 7.20 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन सुबह चार बजे चौपन, पूर्वाह्न 11.30 बजे रांची रोड, अपराह्न 3.50 बजे धनबाद, शाम 7.43 बजे बर्द्धमान और रात को 10.15 बजे हावड़ा जंक्शन पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- 4 माह से वेतन को तरस रहे रोजगार सहायक, आर्थिक तंगी के चलते परिवार पालना हुआ मुश्किल, आंदोलन की चेतावनी
वापसी में ट्रेन क्रमांक 01702 हावड़ा से प्रत्येक गुरुवार को मध्यरात्रि 00.15 बजे प्रस्थान कर मध्यरात्रि 1.50 बजे बर्द्धमान, सुबह 6.20 बजे धनबाद, सुबह 9.30 बजे रांची रोड, शाम को 4.45 बजे चौपन और शुक्रवार को सुबह चार बजे जबलपुर पहुंचेगी। मार्ग में कटनी साउथ, खन्ना बंजारी, ब्योहारी, सरईग्राम, बरगंवा, सिंगरौली, ओबराडेम, रेणुकूट, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, लातेहार, पतरातू, बरकाकाना, बोकारो थर्मल, आसनसोल, दुर्गापुर और बैंडेल में ठहराव रहेगा।