
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अधारताल में रहने वाले 55 वर्षीय मुकेश गंभीर ने एक निजी अस्पताल के डाक्टर पर ऑपरेशन में गंभीर कोताही बरतने का आरोप लगाया है।
मरीज का दावा है कि मुंह के अंदर हुए एक छोटे से छाले का ऑपरेशन कराने के बाद से उनके मुंह के अंदर बाल उग रहे हैं, जिससे उनका खाना-पीना और निगलना दूभर हो गया है।
पीड़ित के अनुसार, जून 2024 में डाॅ. अर्पण मिश्रा ने उनके मुंह के छाले की सर्जरी की थी। सर्जरी से पहले डाॅक्टर ने इस तरह के किसी संभावित खतरे या साइड इफेक्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।
लगातार शारीरिक दर्द और मानसिक तनाव झेल रहे मुकेश गंभीर ने एसपी ऑफिस पहुंच शिकायत दर्ज कराई और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर आन्कोंलाॅजिस्ट डाॅ. अर्पण मिश्रा ने कहा- मुकेश गंभीर का कैंसर का आपरेशन हुआ था। ऑपरेशन होने के बाद उनको सबमेंटल फ्लैप लगाया गया। जिस भी मरीज को किसी भी तरह का फ्लैप किया जाता है, उनके मुंह में बाल आना प्राकृतिक प्रक्रिया है।
यह उन्हें ऑपरेशन से पहले बता दिया गया था। यदि वो बहुत परेशान हैं तो रेडियोथेरेपी की जा सकती है या फिर ऑपरेशन करके उस चमड़ी को आधा हटा सकते हैं।
ऑपरेशन करके चमड़ी के जिस हिस्से में बाल उगते हैं, उस हिस्से को हम हटा सकते हैं, इससे उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा।
एडवोकेट मोहित मतानी का कहना है कि हमने संबंधित डाक्टर और अस्पताल को लीगल नोटिस दिया है। जल्द ही हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दर्ज करने वाले हैं।
यह भी पढ़ें- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के खिलाफ याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित