
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर और हाईवा का कहर देखने मिला। रेत से भरे हाईवा ने सुबह भेड़ाघाट चौराहे पर बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक बाइक समेत हाईवा में फंस गया और ड्राइवर उसे करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया।
शाम को सिहोदा गांव में एक अन्य डंपर ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने बिना नंबरों के हाईवा एवं डंपरों के बेलगाम होने का आरोप लगाया है।
भेड़ाघाट पुलिस के अनुसार पाटन के उजरौड़ निवासी बबलू पटेल (41) सुबह करीब 7:30 बजे बाइक क्रमांक एमपी 20 जेडजी 4708 से जबलपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में भेड़ाघाट चौराहे पर विपरीत दिशा से आए तेज रफ्तार हाईवा ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बबलू बाइक समेत वाहन के सामने फंस गया। टक्कर के बाद भागने के फिराक में हाईवा रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। युवक करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। स्थानीय लोगों ने आवाज देकर वाहन रुकवाया और घायल को बाहर निकाला। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। इसी दौरान मौका पाकर हाईवा चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार को टक्कर मारने वाले हाईवा में आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। वाहन के साइड में पीले रंग से लिखा रजिस्ट्रेशन नंबर भी स्पष्ट नहीं था। लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर ही पुलिस ने हाईवा की बारीकी से जांच की, जिसमें हाईवा में एक जगह साइड पर अस्पष्ट रूप से लिखा रजिस्ट्रेशन नंबर मिला। छानबीन में हाईवा का रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 49 एच 9655 मिला। पुलिस ने हाईवा जब्त कर लिया है।
भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में ही एक अन्य सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ग्राम सिहोदा निवासी सुखलाल केवट (50) बुधवार की शाम को लगभग पांच बजे टहलने के लिए निकले। वे घर से निकलकर कुछ दूर पैदल गए थे कि डंपर क्रमांक एमपी 20 जेडएन 6173 उन्हें टक्कर मारकर कुचलता हुआ निकल गया।
दुर्घटना में सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके पर डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है। फरार आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के सदर में कैंट बोर्ड का चला बुलडोजर, चंसोरिया कंपाउंड में ढहाया गया अवैध निर्माण