
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बिना वैध दस्तावेज और बिना पंजीयन के चल रही लाल पैथ लैब्स पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
जांच दल के समक्ष कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर नेपियर टाउन स्थित लाल पैथ लैब्स का लाइसेंस 7 दिवस के लिए निरस्त कर दिया गया है।
सीएमएचओ डाॅ. नवीन कोठारी के आदेशानुसार 4 सदस्यीय दल ने नेपियर टाउन स्थित लाल पैथ लैब्स का निरीक्षण किया।
जांच दल ने इसे गंभीर लापरवाही माना। मरीजों के सैंपल बिना पंजीयन और बिना अनुमति के दूसरे जिले से मंगवाना और जांच करना नियमों का सीधा उल्लंघन है। इससे जांच रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
जांच दल की सहमति से शुक्रवार से आगामी सात दिवस तक संबंधित लैब का लाइसेंस अस्थाई तौर पर निरस्त कर दिया गया है। इस अवधि में लैब किसी भी प्रकार की जांच और सैंपल कलेक्शन नहीं कर सकेगी।
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के जांच दल में पैथोलाजिस्ट डाॅ. अमिता जैन के नेतृत्व में शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. केके वर्मा, डाॅ. एकांश राय, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील एवं सदस्य विकास श्रीवास्तव के द्वारा विधिवत कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि जिले में बिना पंजीयन, बिना एनओसी और बिना मानकों के चल रही पैथोलाॅजी लैब्स और कलेक्शन सेंटरों पर इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। लैब संचालकों को 7 दिन के अंदर सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे, तभी लाइसेंस बहाल करने पर विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में 14 से 20 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह, 15 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे संबोधित