
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एक-दो दशक तक संविदा पर काम करने से नियमित नियुक्ति का कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता। हाई कोर्ट ने संविदा सब इंजीनियरों के नियमितीकरण की मांग निरस्त करते हुए यह महत्वपूर्ण व्यवस्था दी है। मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने नियमित पदों पर सीधी भर्ती जारी रखने के राज्य सरकार के निर्णय को वैध ठहराया।
भोपाल निवासी देवेंद्र कुमार उपाध्याय, इमरान खान, संजीव कुमार तिवारी सहित अन्य ने याचिकाएं दायर कर नियमितीकरण की मांग की थी।
याचिकाकर्ताओं की नियुक्तियां वर्ष 2007 से 2017 के बीच मनरेगा और मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में संविदा सब इंजीनियर के रूप में हुई थीं।
उन्होंने वर्ष 2022 की ग्रुप-3 भर्ती प्रक्रिया को चुनौती दी थी। सरकार ने दलील दी कि संविदाकर्मियों के लिए भर्ती में आरक्षण की व्यवस्था है। वर्ष 2020 में 20 प्रतिशत निर्धारित आरक्षण को 22 जुलाई 2023 की नीति से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया गया है।
इसके अलावा संविदा सेवा अवधि के आधार पर अधिकतम 55 वर्ष तक आयु सीमा में छूट का प्रविधान है। युगलपीठ ने कहा कि संविदा और नियमित पद अलग-अलग हैं। लंबे समय तक संविदा सेवा नियमितीकरण का स्वतः अधिकार नहीं देती।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में वाहन निर्माणी के टेस्टिंग ग्राउंड में धमाका, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल