
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिहोरा के खितौला में गुरुवार देर रात चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला और उसके दो बच्चों को बंधक बना लिया। आरोपियों ने घर में रखे जेवर और अन्य सामान पर हाथ साफ किया।
करीब 1.70 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने घर का सामान भी उलट-पुलट कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला का पति किसी काम से बाहर गया था और घर में बाहर से ताला लगा गया था। इसी दौरान बदमाश घर में दाखिल हुए। अंदर मौजूद महिला और उसके दो बच्चों को बंधक बना लिया।
पूरे घर की तलाशी लेकर कीमती सामान समेट लिया। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पास के एक सूने मकान को भी निशाना बनाया। यहां से भी जेवर और 17 हजार रुपये नकद चोरी की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मकानों का निरीक्षण किया। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद चोरी गए सामान और आरोपियों से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- मंडला में पंचायत सचिव ने पीएम आवास की स्वीकृति के लिए मांगे पांच हजार रुपये, जबलपुर ईओडब्ल्यू ने दबोचा