
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। जिले के नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत पड़रिया के पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा के विरुद्ध प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर ने अपराध दर्ज कर दबोच लिया है। शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़रिया निवासी अमन गुप्ता ने ईओडब्ल्यू जबलपुर में शिकायत की थी कि उनकी मां शशि गुप्ता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के बाद आवास स्वीकृत कराने के लिए पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा पांच हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने मामले की जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पंचायत सचिव के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 के अंतर्गत 21 अक्टूबर को नगर पालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में नवनिर्मित आवासों में हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी ने हितग्राहियों को उनके नए आवासों में गृह प्रवेश कराया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। योजना के माध्यम से पात्र परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
यह भी पढ़ें- कटनी के ट्रांसपोर्ट नगर में रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, एनओसी देने के लिए की थी 25 हजार रुपये की डिमांड