
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जीवन बीमा पाॅलिसी में पत्नी को एकमात्र नाॅमिनी बनाए जाने पर बीमा राशि की हकदार भी वही होगी। माता-पिता और बहन केवल कानूनी वारिस होने के आधार पर बीमा राशि में हिस्सा नहीं मांग सकते। हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसले में पत्नी को बीमा राशि का एकमात्र लाभार्थी मानते हुए अधीनस्थ अदालत का आदेश निरस्त कर दिया। अधिवक्ता अजय शंकर रायजादा ने पक्ष रखा।
न्यायमूर्ति विवेक जैन की एकलपीठ ने मोनिका बडगुजर की सिविल रिवीजन स्वीकार करते हुए बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) के प्रविधानों की व्याख्या की। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित श्रेणी के स्वजनों को नामिनी बनाए जाने पर कानून की शर्तों के अधीन उन्हें बीमा राशि का लाभार्थी माना जा सकता है।
मुकेश ने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस की पाॅलिसी में पत्नी मोनिका को एकमात्र नाॅमिनी बनाया था। उनकी मृत्यु 10 जुलाई 2017 को हुई। इसके बाद माता-पिता और बहन ने उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र के लिए अदालत में आवेदन किया। 24 नवंबर 2023 को सिविल कोर्ट ने बीमा, पीएफ और ग्रेच्युटी की राशि पत्नी, माता, पिता व बहन के बीच बराबर बांटने का आदेश दिया था।
इस आदेश को चतुर्थ जिला न्यायाधीश, नरसिंहपुर के 12 मार्च, 2025 के आदेश के जरिए कायम रखा गया। पत्नी ने इसे हाई कोर्ट में चुनौती दी। हाई कोर्ट ने बीमा राशि के संबंध में अधीनस्थ अदालत का आदेश पलटते हुए पत्नी को एकमात्र लाभार्थी माना।
हालांकि कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हर नामिनी स्वतः मालिक नहीं होता। कानून के तहत लाभार्थी की स्थिति संबंधित रिश्ते, नामांकन की परिस्थितियों और धारा 39 (7) की शर्तों पर निर्भर करेगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल गैस त्रासदी मामले की सुनवाई करेगी विशेष पीठ, मुख्य न्यायाधीश की युगलपीठ ने दिए निर्देश