
नईदुनिया प्रतिनिधि, उमरिया। पिछले साल बांधवगढ़ की हथनी बांधवी ने जिस बच्चे को जन्म दिया था वह अब एक साल का हो गया है। बांधवी के इसी नन्हें हाथी का नाम प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने कृष्णा रखा था।
कृष्णा का पहला जन्मदिन बांधवगढ़ के रामा कैंप में बड़े ही धूम-धाम से मनाया गया। रिजर्व के सबसे चहेते नन्हें हाथी ''कृष्णा'' के पहले जन्मदिन पर बड़े ही लाड़-प्यार और विशेष तैयारियों के साथ आयोजन किया गया।
इस प्यारे से हाथी बच्चे का नामकरण 'कृष्णा', प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव जी के द्वारा 31.12.25 को किया गया था। दिनांक 14.10.26 को उमरिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कृष्णा का कुशलक्षेम जाना गया और जन्मदिन रोचक तरीके से मनाने के निर्देश क्षेत्र संचालक को दिए गए।
इस विशेष अवसर पर नन्हे कृष्णा के लिए प्रबंधन और महावतों द्वारा एक बेहद अनोखा ''केक'' तैयार किया गया। वास्तव में इसे सामान्य केक की तरह पकाया नहीं गया था, बल्कि कृष्णा की सेहत और पसंद को ध्यान में रखते हुए मल्टीग्रेन आटे की रोटियों, ताजे केले, सेब, अन्य फलों, गन्ने और गुड़ को बेहद आकर्षक ढंग से सजाकर एक केक का रूप दिया गया था। कृष्णा ने अपने इस विशेष और पौष्टिक ''केक'' का भरपूर आनंद लिया।
जन्मदिन के इस खास दिन की शुरुआत कृष्णा को महावतों द्वारा कराए गए एक विशेष स्नान के साथ हुई। पूरे दिन नन्हा कृष्णा अपनी मां के साथ और रिजर्व के महावतों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों के बीच अठखेलियां करता नजर आया।
उसकी इन प्यारी और चंचल हरकतों ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया और दिन को बेहद यादगार बना दिया। कृष्णा का यह जन्मदिवस समारोह वन्यजीवों और उनकी दिन-रात देखभाल करने वाले हमारे समर्पित स्टाफ (महावतों एवं चाराकटरो) के बीच के गहरे और आत्मीय संबंध का एक सुंदर उदाहरण है।
यह भी पढ़ें- उमरिया जिला अस्पताल में लगी आग, धुएं का गुबार देख मरीजों और परिजनों में मचा हड़कंप, दमकल विभाग ने मोर्चा संभाला