
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराकर 75 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने एक 63 वर्षीय बुजुर्ग को बिना जानकारी दिए ऋण का गारंटर बना दिया।
आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम व फोटो की हेराफेरी कर दूसरे व्यक्तियों की पहचान का इस्तेमाल किया। शिकायत और बैंक से मिले दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
मामले की शिकायत नया पुल, नालबंद मोहल्ला निवासी दिलदार हुसैन (63) ने की है। उनके मुताबिक बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से 30 दिसंबर 2025 को सूचना पत्र और 2 जनवरी 2026 को कानूनी नोटिस मिला। इसमें उन्हें मेसर्स एबीएस काम नामक पार्टनरशिप फर्म को दिए गए 90 लाख रुपये के ऋण में गारंटर बताया गया था।
फर्म के साझेदार के रूप में बाबी खान और वकील खान का नाम दर्ज था। दिलदार का कहना है कि वे न तो इन लोगों को जानते हैं और न ही उन्होंने कभी किसी ऋण की गारंटी दी। उन्होंने बैंक में अपनी संपत्ति के दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड या आयकर रिटर्न भी जमा नहीं किए थे।
जांच में धोखाधड़ी का एक और पहलू सामने आया। 23 दिसंबर 2025 को बैंक कर्मचारी ग्राम खैरी, पनागर स्थित एक गोदाम पहुंचे थे। यह प्लॉट दिलदार हुसैन ने वर्ष 2024 में मोनिका ताम्रकार को रजिस्ट्री के जरिए बेच दिया था।
बैंक कर्मचारियों ने गोदाम पर 70 लाख रुपये का ऋण होने की जानकारी दी और साक्ष्य के रूप में वैल्यूएशन रिपोर्ट तथा ऋण लेने वाले की फोटो दिखाई। रिपोर्ट में दिलदार का नाम-पता था, लेकिन फोटो किसी अन्य व्यक्ति की थी। इसके बाद दिलदार ने पुलिस और संबंधित बैंकों में शिकायत की।
पुलिस जांच में सामने आया कि बाबी खान, जमील अली और मोहम्मद हबीब ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश रचकर आधार और पैन कार्ड में नाम व फोटो की कूटरचना की। जमील अली ने कथित वकील अहमद और मोहम्मद हबीब ने दिलदार हुसैन बनकर बैंक में पहचान प्रस्तुत की।
इसके आधार पर 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया और 75 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
यह भी पढ़ें- 21 नवंबर से लागू होगी एनीवेयर रजिस्ट्री व्यवस्था, अब जबलपुर से करा सकेंगे दूसरे शहर में संपत्ति की रजिस्ट्री