
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कथित तौर पर भाजपा नेता ट्विंकल शाह के साले बिरजू ठाकुर ने एक अधिवक्ता पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
अधिवक्ता अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी बिरजू ठाकुर वहां पहुंचा और उसने अधिवक्ता को बातचीत के बहाने कार्यालय से बाहर बुलाया। जैसे ही अधिवक्ता बाहर निकले।
आरोपी ने उन पर तलवार से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। हमला इतना अचानक और घातक था कि अधिवक्ता को संभलने का मौका भी नहीं मिला। उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुराना पैसों का लेनदेन या रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी और अधिवक्ता के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसे लेकर यह हमला किया गया। हालांकि, पुलिस अभी किसी स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
साथी अधिवक्ता पर हुए इस जानलेवा हमले से जबलपुर के विधिक जगत में भारी आक्रोश व्याप्त है। बड़ी संख्या में वकीलों ने अस्पताल पहुंचकर घायल अधिवक्ता का हाल जाना और पुलिस प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपी बिरजू ठाकुर की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस ने अधिवक्ता के बयानों और कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में इलेक्ट्रिक वाहन डीलरशिप के नाम पर 36.34 लाख रुपये ठगे, सेल्स हेड बनकर दिलाया भरोसा