
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रापर्टी के विवाद में कांग्रेस नेता राम मनोहर गुप्ता उर्फ कल्लन और उसके भाई रामप्रकाश गुप्ता उर्फ टीपू पर अपने ही पार्टनर उमेश तिवारी पर तलवार, लाठी और बेसबाॅल स्टिक से हमला करने का आरोप है।
इस वारदात में उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर ओमती पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, न्यू आदर्श कालोनी, लार्डगंज निवासी उमेश तिवारी (47) की यादव कालोनी में प्रापर्टी है। इसमें कांग्रेस नेता राम मनोहर गुप्ता उर्फ कल्लन और उसका भाई रामप्रकाश गुप्ता उर्फ टीपू भी पार्टनर हैं। प्रापर्टी के संबंध में बातचीत करने के लिए टीपू ने बुधवार रात उमेश को कृष्णा काम्प्लेक्स स्थित अपने कार्यालय बुलाया था।
उमेश अपने बड़े भाई दिनेश और साथी विक्की के साथ मोपेड से वहां पहुंचा। टीपू और कल्लन कार्यालय के बाहर खड़े थे। दिनेश और विक्की मोपेड से उतरे ही थे कि कल्लन तलवार लेकर उमेश के पास पहुंचा और उसके सिर पर लगातार तीन वार कर दिए। इसी दौरान टीपू बेसबाल स्टिक लेकर आया और उमेश पर हमला करने लगा। मारपीट में उमेश जमीन पर गिर पड़ा।
उमेश पर हमला होते देख दिनेश और विक्की ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान कल्लन और टीपू ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकले। खून से लथपथ उमेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दो घरों में छापे, 14 गन और 56.5 किलो कैल्शियम कार्बाइड जब्त