
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रशासन ने कार्बाइड गन के इस्तेमाल, बिक्री, वितरण और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया है। दीपावली पर कार्बाइड गन के इस्तेमाल, बिक्री और प्रदर्शन पर प्रतिबंध के बावजूद शहर और ग्रामीण क्षेत्र में इनके निर्माण और आपूर्ति का मामला सामने आया है।
कुंडम थाना पुलिस ने गुरुवार रात बघराजी गांव में दो स्थानों पर छापा मारकर 14 कार्बाइड गन, 11 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड और गन बनाने की सामग्री जब्त की।
आरोपियों से पूछताछ में मदन महल स्थित लाठिया ट्रेडर्स का नाम सामने आने पर पुलिस ने दुकान पर भी कार्रवाई की, जहां से 45 किलो कैल्शियम कार्बाइड बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 188 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंडम थाना क्षेत्र के बघराजी गांव में कार्बाइड गन बनाई जा रही हैं और वहां बड़ी मात्रा में कैल्शियम कार्बाइड रखा हुआ है। सूचना पर कुंडम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में दो जगह दबिश दी।
दशरथ बड़गैया (56) के पास से 10 कार्बाइड गन, 11 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड और गन बनाने की सामग्री मिली। चित्रांश साहू (29) के घर पर पुलिस ने छापा मारा। यहां वह कार्बाइड गन बनाते मिला। पुलिस ने उसके पास से चार गन जब्त कीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने मदन महल स्थित लाठिया ट्रेडर्स के संचालक विजय साहू की दुकान से कैल्शियम कार्बाइड खरीदा था। इसके बाद मदन महल पुलिस ने दुकान पर छापा मारकर 45 किलो कैल्शियम कार्बाइड जब्त किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैल्शियम कार्बाइड की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें- ‘स्वच्छता’ में जबलपुर का एक और बढ़ता कदम, 01 नवंबर से बदलेगी सफाई व्यवस्था