
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया, जबलपुर। नया बाजार क्षेत्र में दुर्गोत्सव समिति के सदस्यों पर चंदे को लेकर व्यापारी के बेटे से गाली-गलौज, मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। मामला मालवीय चौक स्थित वेलकम फुटवेयर का है। संगठन का दावा है कि पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी उपलब्ध कराए गए हैं।
राजेश रोहरा के मुताबिक समिति के सदस्य चंदा लेने पहुंचे थे और 2100 रुपये की रसीद काटी गई। सागर ने उनसे कहा कि उनके पिता शाम को मिलेंगे, तब चंदे के संबंध में बात कर लेना। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और सागर के साथ मारपीट तथा दुकान में तोड़फोड़ की गई।
व्यापारी संगठन ने आरोप लगाया कि दो वर्ष पहले भी समिति के सदस्यों को व्यापारियों से दबंगई नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। संगठन का दावा है कि पूर्व में सुपर मार्केट स्थित एक व्यापारी के साथ भी विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया था।
मालवीय चौक व्यापारी संगठन के अध्यक्ष राजेश रोहरा ने कहा कि व्यापारी अपनी इच्छा के अनुसार चंदा देने के लिए स्वतंत्र हैं। किसी व्यापारी के साथ दबाव या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी लार्डगंज थाने का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। मामले में पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है।