
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने सात माह की गर्भवती पत्नी के साथ बीच सड़क मारपीट की। उसे गाड़ी से उतारकर जमीन पर गिरा दिया और पेट में लात मार दी।
घटना में घायल महिला को परिजन एल्गिन अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कराया गया। उपचार के बाद गुरुवार को महिला हनुमानताल थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, सायरा खान (29) का विवाह 28 अप्रैल 2026 को राजा बाबा की कुटी, हनुमानताल निवासी सरफराज से हुआ था।
सायरा का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उस पर मायके से सोने की अंगूठी लाने का दबाव बनाने लगा था। उसे प्रताड़ित किया जाता था। बीमारी के दौरान भी उससे काम कराया जाता रहा।
सायरा वर्तमान में सात माह की गर्भवती है। 25 अक्टूबर को वह मायके गई थी। पति उसे लेने पहुंचा और वह उसके साथ लौट रही थी। इसी दौरान सरफराज ने निकाह में मिले जेवरात की रसीद मांगी। सायरा ने मायके से रसीद नहीं लाने की बात कही, तो पति ने उसे बीच सड़क गाड़ी से उतार दिया और मारपीट करने लगा।
आरोप है कि पति ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और गर्भवती होने की जानकारी के बावजूद उसके पेट में लात मारी। घटना की जानकारी मिलने पर सायरा के पिता अनवर, बहन रुखसार और जीजा अबरार मौके पर पहुंचे।
वे उसे एल्गिन अस्पताल ले गए, जहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उपचार के बाद सायरा ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कांग्रेस नेता और भाई ने किया पार्टनर पर तलवार से वार